भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिये ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
 कुल्लू, 16 फरवरी
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती स्कीम के तहत वर्ष 2027 की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह पंजीकरण भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर 13 फरवरी से 01 अप्रैल 2026 तक की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कर्नल गौतम निशांत, भर्ती निदेशक, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस मंडी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी तथा लाहौल-स्पीति जिलों के सभी पात्र उम्मीदवार भारतीय सेना की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार अधिकतम दो अग्निवीर ट्रेड के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। पात्रता की सभी शर्तें वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर वीडियो लिंक भी दिया गया है, जिसके माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया तथा ऑनलाइन परीक्षा देने की पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ऑनलाइन परीक्षा अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर टेक्निकल तथा 10वीं और 8वीं पास ट्रेड्समैन के लिए करवाई जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा की तिथि की जानकारी भी समय पर वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी।
भर्ती निदेशक ने सभी उम्मीदवारों से आग्रह किया कि ऑनलाइन पंजीकरण से पहले पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी सही-सही भरें। यदि आवेदन करने में किसी प्रकार की समस्या आती है या आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहा है, तो उम्मीदवार सेना भर्ती कार्यालय मंडी में संपर्क कर सकते हैं, जहां उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
कर्नल गौतम निशांत ने मंडी, कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति जिलों के युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए आगे आएं और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *