सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, रामपुर बुशेहर
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में 8 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित 6वीं राष्ट्रीय योगासन निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम (लेवल कोर्स) 2025–26 में हिमाचल प्रदेश के दो शिक्षकों ने योगासन जज परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
योगासन भारत के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में देशभर से आए प्रतिभागियों को योगासन खेल के अंतरराष्ट्रीय मानकों, स्कोरिंग प्रणाली, प्रतियोगिता संचालन, तकनीकी नियमों एवं निर्णायक की बारीकियों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से देश को 157 नए प्रमाणित तकनीकी जज प्राप्त हुए।
हिमाचल प्रदेश से चयनित प्रतिभागियों में DPS झाखड़ी की स्पोर्ट्स टीचर रंजना देवी तथा ठियोग (जिला शिमला) से ध्यान सिंह भंडारी शामिल रहे। दोनों प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर तकनीकी जज के रूप में प्रमाणन प्राप्त किया।
समापन समारोह में हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन एवं योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योगासन आज वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित हो चुका है और भारत इसकी अगुवाई कर रहा है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भारत योगासन के पदाधिकारीगणों डा. विवेक सूद, राज्य महासचिव विनोद कुमार, ज्वाइंट सेक्रेटरी अजय शर्मा, टेक्निकल डायरेक्टर लकी वालिया, आई टी एवं मीडिया प्रमुख ने सफल प्रतिभागियों को शूभकामनाएँ प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में प्रदेश योगासन के क्षेत्र में और अधिक उपलब्धियाँ प्राप्त करेगा।












