सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल घाटी क्षेत्र के तहत आने वाली लोआई, स्वाड़ तथा पोलिंग पंचायतों के लोगों की बेहतर सुविधा के लिए पथपरिवहन निगम ने वर्षों पूर्व बैजनाथ – लोहारडी रूट पर एक सरकारी चला रखी थी। जिससे तीनों पंचायतों के सैंकड़ों लोग बस का भरपूर लाभ भी उठा रहे थे। मगर हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा लगभग एक माह से नाहक ही बंद कर दी गई। जिस कारण इन तीनों पंचायतों के लोगों में पथ परिवहन निगम के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
स्थानीय जिला परिषद सदस्य पवना देवी व जन कल्याण सभा के प्रदेशाध्यक्ष चुनी लाल ने बताया कि बैजनाथ डिपो की यह बस बैजानाथ से चलकर शाम लगभग साढ़े पांच बजे लोहारडी पहुँचती थी और लोहारड़ी में रात्रि ठहराव करने के बाद सुबह लगभग साढ़े सात बजे बैजनाथ के लिए रवाना हो जाती थी। मगर कई वर्षों से सुचारु रूप से चल रही इस रूट पर बस को एक माह से बंद कर दिया गया है। इस रूट परिवहन की मात्र एक ही बस चलती थी जबकि इस रूट में निजी बसें भी दौड़ती है।
इस रूट में वर्षों से मात्र एक ही सरकारी बस को चलाया जा रहा है जिस कारण इस सरकारी बस का लाभ लेने से लोहारड़ी क्षेत्र के समस्त लोगों सहित खासकर अपंगता के पास धारक वंचित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस रूट पर मात्र एक ही सरकारी बस सुचारू रूप से चल रही थी जिसे बंद कर देने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पास धारकों को भी बस सुविधा से वंचित रहने से उनके बस पास मात्र शोपीस ही बनकर रह गए है। इसके साथ बैजनाथ डिपो से छोटाभंगाल घाटी के लिए अक्सर कठारा बसें भेजी जाती है जो कि तकनीकी खराबी आ जाने से जहां कहीं खड़ी होकर सवारियों को भारी परेशानी में डाल देती है।
पवना देवी तथा चुनी लाल ने पथ परिवहन निगम से आग्रह किया है कि बैजनाथ – लोहारड़ी रूट की लगभग एक माह से बंद की गई सरकारी बस को सुचारू रूप से चलाया जाए और यहाँ पर भेजी जाने बसों ठीक व नई बसें भेजी जाएँ।
इस बारे में बैजनाथ में आरएम शशांक धीमान का कहना है कि कुछ समय बैजनाथ डिपो में चालकों की कमी चलने से इस बस को नहीं चलाया जा रहा था मगर अब इस रूट पर बस को सुचारू रूप से चला दिया जाएगा।













