जिला लाहुल स्पीति में 23 फरवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 3372  बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल की खुराक – उपायुक्त

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 19 फरवरी
उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में आगामी 23 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा, इस अभियान को सफल बनाने हेतु व्यापक कार्य योजना तैयार करने के लिए  उपायुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण स्तर तथा समग्र विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है तथा इस अभियान के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिला के 123 आंगनवाड़ी केंद्रों तथा  220 विद्यालयों के माध्यम से कुल 3372 बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। यह दवा कृमि संक्रमण की रोकथाम में प्रभावी है तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने में सहायक है। इसके अतिरिक्त 1 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 580 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी पिलाई जाएगी और 6 से 18 वर्ष तक के 2792 बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवाई खिलाई जाएगी, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होगी और उनके समुचित शारीरिक विकास में सहायता मिलेगी।
उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान के सफल आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को आगामी 23 फरवरी  को संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र या विद्यालय में अवश्य भेजें, ताकि वह इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा निर्धारित तिथि पर एल्बेंडाजोल की खुराक लेने से वंचित रह जाता है, तो ऐसे बच्चों के लिए 28 फरवरी को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिला के सभी पात्र बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रोशन लाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.पारस व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *