जिला लाहुल स्पीति में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ड्रंकन ड्राइविंग पर होगी कड़ी कार्रवाई : किरण भड़ाना     

Listen to this article
सूरभि न्यूज़
केलांग, 23 फरवरी
सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष, में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिशासी अभियंता पवन राणा द्वारा उपायुक्त एवं सभी उपस्थित सभी असहायों का स्वागत करते हुए कार्यवाही आरंभ की। इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता तथा जागरूकता गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान वर्ष 2025 में जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की गई, जिसमें कुल 20 सड़क हादसों में 12 लोगों की मृत्यु तथा 58 लोगों के घायल होने की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने इन घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सभी संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस, समन्वित एवं परिणाम आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पिछली बैठक दिनांक 13 नवंबर, 2025 में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) में सुरक्षा को मजबूत करने हेतु लोक निर्माण विभाग एवं सीमा सड़क संगठन द्वारा जिले के 15 चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर 1520 मीटर क्रैश बैरियर, 505 मीटर रिटेनिंग वॉल तथा 280 मीटर ब्रेस्ट वॉल के निर्माण के लिए 3.99 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव परिवहन सचिव को स्वीकृति हेतु भेजा गया है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त इन संवेदनशील एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन सहायता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं आपदा प्रबंधन के संपर्क नंबरों सहित फ्लैश एवं चेतावनी साइन बोर्ड स्थापित किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरटीओ एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि वे स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों तथा आम जनता के बीच नियमित जागरूकता अभियान आयोजित करें तथा इसकी मासिक रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को प्रस्तुत करें।
उपायुक्त ने सभी उपमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से त्रैमासिक सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग एवं सीमा सड़क संगठन को सड़कों की नियमित मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को कहा गया।
पुलिस विभाग को आईटीएमएस प्रणाली के माध्यम से ओवरस्पीडिंग एवं ड्रंकन ड्राइविंग पर कड़ी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा नियमित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, आरटीओ कुल्लू राजेश भण्डारी, 84 आरसीसी के ओसी मेजर पारस एवं 70 आरसीसी के कैप्टेन संजय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशल लाल, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, उप निदेशक शिक्षा रमेश चंद सहित पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सीमा सड़क संगठन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *