Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 07 मार्च
ओल्ड सर्किट हाउस, केलांग के प्रांगण में आज शिक्षा के क्षेत्र में समुदाय की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के पारंपरिक टोपी ख़तक के साथ स्वागत से हुई, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डी.एल.एड. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने कार्यक्रम को एक गरिमामयी शुरुआत प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक (क्वालिटी कंट्रोल )द्वारा स्वागत भाषण प्रस्तुत किया गया, जबकि कार्यक्रम के समन्वयक प्रेम जीत ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केलांग के रसायन विज्ञान के व्याख्याता आनंद ने नई शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में शिक्षकों और समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में डी.एल.एड. विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पहाड़ी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का विशेष आकर्षण प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त जीपीएस जुंडा के जेबीटी शिक्षक दिनेश कुमार ने स्कूल प्रबंधन समितियों (SMCs) की भूमिका एवं जिम्मेदारियों विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यालयों के विकास में समुदाय की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में जीपीसीएस लोट के एसएमसी सदस्यों द्वारा अतिथि प्रस्तुति के रूप में सांस्कृतिक नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि किरण भड़ाना ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार लाने के लिए समुदाय, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समितियों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज के बीच समन्वय को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया तथा डी.एल.एड. विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर डाइट तांदी की प्रधानाचार्य सुनीता आनंद , विभिन्न विद्यालयों के विद्यालय प्रमुख, एसएमसीज़ अध्यक्ष एवं सदस्य सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।













