अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एनएचपीसी ने विशेष कार्यक्रम किया आयोजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़, फरीदाबाद : एनएचपीसी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में निगम मुख्यालय, फ़रीदाबाद में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सीएमडी एवं निदेशकगण, एनएचपीसी तथा वरिष्ठ अधिकारियों एवं महिला कर्मचारियों ने भाग लिया।

भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी ने निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एनएचपीसी की महिला कर्मचारियों को संबोधित किया। यह कार्यक्रम 8 मार्च को विश्व स्तर पर मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

उन्होंने महिला कर्मचारियों के समर्पण, दृढ़ता और व्यावसायिकता की सराहना की और संगठन के विकास और सफलता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। गुप्ता ने प्रधानमंत्री के “महिला-नेतृत्व वाले विकास” (Women-Led Development) के दृष्टिकोण को भी दोहराया और इस बात पर ज़ोर दिया कि सतत और समावेशी राष्ट्रीय प्रगति हासिल करने के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने एक प्रगतिशील और समावेशी कार्यस्थल के निर्माण में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के महत्व को भी रेखांकित किया और सभी को ऐसे वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जहाँ महिलाएँ पूरी तरह से विकसित हो सकें और आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), संजय कुमार सिंह, निदेशक (परियोजनाएँ), सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी) और महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया। उन्होंने महिला कार्मिकों के बहुमूल्य योगदान की सराहना की, उनके समर्थन और सशक्तिकरण के प्रति एनएचपीसी की प्रतिबद्धता को दोहराया और एक समावेशी तथा प्रेरक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के संगठन के संकल्प पर बल दिया।

एनएचपीसी और विप्स (वूमेन इन पब्लिक सेक्टर)-एनएचपीसी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रेरक संबोधन दिए गए, जिनका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना तथा संगठन के भीतर उनके निरंतर विकास और नेतृत्व को प्रोत्साहित करना था। एनएचपीसी के विभिन्न लोकेशनों से महिला कार्मिकों ने कार्यक्रम में लाइव वेबकास्ट के माध्यम से भाग लिया। उन्होंने इन प्रेरणादायक वक्तव्यों से गहरी प्रेरणा और उत्साह प्राप्त किया तथा एनएचपीसी के विकास और विज़न में अपना योगदान निरंतर जारी रखने के लिए नई ऊर्जा का अनुभव किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *