Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 16 मार्च
जिला रोजगार अधिकारी कुल्लू, विनोद कुमार ने सूचित किया है कि आर्य आदर्श हाई स्कूल अखाड़ा बाजार और आवर लेडी ऑफ द स्नोज स्कूल कुल्लू में विभिन्न रिक्त पदों को भरने के लिए 19 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
इन पदों में शास्त्री अध्यापक (1 पद), पीटीआई महिला (1 पद), संगीत अध्यापक (1 पद) और सुरक्षा गार्ड (1 पद) शामिल हैं। शास्त्री अध्यापक के लिए शास्त्री डिप्लोमा, बी.एड. और टीईटी अनिवार्य है, जबकि पीटीआई के लिए बी.पी.एड. या एम.पी.एड. (महिला अभ्यर्थी को प्राथमिकता) और संगीत अध्यापक के लिए संगीत में स्नातक या स्नातकोत्तर योग्यता होनी चाहिए। सुरक्षा गार्ड का पद केवल भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित है।
इन पदों के लिए वेतनमान 9,000 रुपये से लेकर 14,500 रुपये तक निर्धारित किया गया है। इच्छुक योग्य उम्मीदवार अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, हिमाचली बोनाफाइड और रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड के साथ निर्धारित समय पर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उम्मीदवारों का नाम हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। यदि उम्मीदवार पंजीकृत नहीं हैं, तो वे विभागीय पोर्टल www.eemis.hp.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। साक्षात्कार में आने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01902-222522 पर संपर्क किया जा सकता है।











