सीबीएसई पैटर्न परीक्षा केंद्र 250 कि. मी. दूर रखने पर अध्यापक संघ में रोष

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

छविन्द्र शर्मा, आनी

हिमाचल प्रदेश प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापक संघ जिला कुल्लू के अध्यक्ष यशवंत ठाकुर ने बताया कि सीबीएसई पैटर्न की परीक्षाओं के लिए कुछ अध्यापकों के परीक्षा केंद्र लगभग ढाई सौ किलोमीटर की दूरी पर निर्धारित किए जाने से जिला कुल्लू के अध्यापक वर्ग में रोष व्याप्त है।

उन्होंने बताया कि जैसे ही यह सूचना विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों, विशेषकर आनी के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर तथा निरमंड क्षेत्र के अन्य पदाधिकारियों द्वारा उन्हें दी गई, उन्होंने तुरंत इस विषय को गंभीरता से लेते हुए हिमाचल प्रदेश प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापक संघ के अध्यक्ष सुरेश कौशल और प्रदेश सचिव विजय कुमार के समक्ष रखा।

प्रदेश सचिव विजय कुमार ने इस विषय पर कड़ा संज्ञान लेते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा को स्थिति से अवगत करवाया। इस पर बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सामग्री पहले ही भेजी जा चुकी है तथा परीक्षा में अब केवल एक दिन शेष होने के कारण इस समय परीक्षा केंद्रों में परिवर्तन करना संभव नहीं है।

संघ के जनरल सेक्रेटरी विजय कुमार ने बताया कि ऑन-ड्यूटी संबंधी विषय को लेकर शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया है, जिस पर विभाग द्वारा विचार करने का आश्वासन दिया गया है।

इस संबंध में जिला कुल्लू के अध्यक्ष यशवंत ठाकुर, आनी के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर, निरमंड, बंजार, कुल्लू-वन तथा कुल्लू-टू ब्लॉकों के अध्यक्षों के माध्यम से सभी अध्यापक साथियों से अपील की गई है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों में किसी प्रकार के परिवर्तन की अपेक्षा न रखें तथा निर्धारित केंद्रों पर समय पर उपस्थित होकर परीक्षा प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग दें।

संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में ऐसे मामलों में अध्यापकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *