किसान मोर्चा से राष्ट्रीय मंच तक : अखिलेश कपूर को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में सौंपी अहम जिम्मेदारी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 20 मार्च

भाजपा नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के गैर-आधिकारिक सदस्य के रूप में नामित करते हुए केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान, शिमला की संस्थान प्रबंधन समिति (IMC) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्हें प्रबंधन समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस नियुक्ति की खबर सामने आते ही प्रदेश के किसानों, बागवानों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। करीब 35 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से सक्रिय रूप जुड़े अखिलेश कपूर की यह नियुक्ति उनके लंबे अनुभव, मजबूत संगठनात्मक क्षमता और किसानों के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहते हुए उन्होंने न केवल किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया, बल्कि केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई।

अब नई जिम्मेदारी के तहत वे अनुसंधान संस्थानों की नीतियों में किसानों की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाने के साथ प्रदेश के बागवानों की समस्याओं को केंद्र तक पहुंचाने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे। वे पहले भी स्टेट हॉर्टिकल्चर कमेटी के सदस्य तथा हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में नॉमिनेटेड डायरेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र में सांसद कंगना रनौत के साथ इलेक्शन कोऑर्डिनेटर के रूप में उनकी रणनीतिक भूमिका भी उल्लेखनीय रही है।

लाहौल-स्पीति के प्रभारी के रूप में उनके अनुभव को देखते हुए इस नियुक्ति से किसानों को सीधा और व्यावहारिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जिम्मेदारी से उनके राजनीतिक कद में भी स्पष्ट रूप से वृद्धि हुई है। अखिलेश कपूर ने इस अवसर पर केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और संगठन का आभार व्यक्त करते हुए समस्त जनता का हृदय से धन्यवाद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *