सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, तीर्थन घाटी बंजार
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की दूर दराज ग्राम पंचायत मशियार के अंतर्गत आने वाले गांव कमेडा, मंझली और मशियार पिछले तीन दिनों से बिजली की आंख-मिचौली से जूझ रहे हैं। यहां के ग्रामीणों को लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव मंझली में लगा ट्रांसफार्मर अगस्त 2024 से ही खराब चल रहा है। उस समय से यह ट्रांसफार्मर केवल दो फेज पर ही चल रहा है, जबकि इस पर लोड काफी अधिक है। इसी ट्रांसफार्मर से एक निजी मोबाइल कंपनी एयरटेल के टावर को भी बिजली दी जा रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
तीनों गांवों में कुल मिलाकर लगभग 100 से भी अधिक मकान हैं, जिनका पूरा भार इसी एक ट्रांसफार्मर पर है। लेकिन इसकी क्षमता इतनी नहीं है कि वह इतना अधिक लोड सह सके। यही कारण है कि बार-बार बिजली गुल हो जाती है और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
इस लो वोल्टेज की समस्या के कारण ग्रामीणों के घरों में जरूरी उपकरण भी नहीं चल पा रहे हैं। खासकर मथानी (दूध से घी बनाने की मशीन) और अन्य घरेलू उपकरण ठप पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक और घरेलू दोनों तरह की परेशानी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों प्रकाश ठाकुर पूर्व उपप्रधान मशयार, लाल चंद कारदार, हेत राम, हीरा लाल, अमर भारती, दिलीप सिंह, गोपाल कृष्ण, दरबारी लाल, धर्म चंद, उत्तम राम, राम कृष्ण और डूर सिंह आदि का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखत रूप से, मौखिक रूप से, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से केवल खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत करके काम चलाया जा रहा है, जबकि यहां नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाना बेहद जरूरी है।
इस संबंध में विद्युत विभाग उपमंडल बंजार के सहायक अभियंता शशिकांत ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है और यहाँ के लिए अब नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्थाकर ली गई है। इन्होंने कहा कि शीघ्र ही दो तीन दिन के अंदर मशयार में उच्च क्षमता वाला नया टांसफार्मर लगा दिया जाएगा।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार ऐसे आश्वासन दिए गए हैं, लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे में अब ग्रामीण जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें इस लगातार चल रही बिजली समस्या से राहत मिल सके।











