प्रतिभा : राधा एनजीओ संस्था की सुनीता शर्मा और ऊषा शर्मा ने मिसेज़ हिमाचल प्रतियोगिता के फाइनल में बनाई अपनी जगह 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू

हिमाचल प्रदेश राधा एनजीओ की अध्यक्षा सुदर्शना ठाकुर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिष्ठित राधा एनजीओ संस्था पिछले 29 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका निभा रही है। संस्था में कार्यरत दो प्रतिभागी सुनीता शर्मा और ऊषा शर्मा ने मिसेज़ हिमाचल प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह बनाई है, जो संस्था के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का प्रथम राउंड लगभग एक माह पूर्व उपमंडल बल्ह, मंडी के रिवाल्सर मेला के मंच पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। अब प्रतियोगिता का दूसरा और अंतिम राउंड 27 मार्च को सुंदरनगर में आयोजित नलवार मेला के दौरान संपन्न होगा।

अध्यक्षा सुदर्शना ठाकुर ने कहा कि महिलाओं में स्वावलंबन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजनों में भागीदारी सुनिश्चित करना राधा एनजीओ की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलता है, साथ ही उनमें परिवार के साथ-साथ स्वयं की देखभाल और व्यक्तित्व विकास की भावना भी विकसित होती है।

उन्होंने यह भी बताया कि उप मण्डल अधिकारी बल्ह और सुंदरनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में संस्था की दो प्रतिभागियों का फाइनल तक पहुंचना राधा एनजीओ के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

सुदर्शना ठाकुर ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी कल्पना ठाकुर (मिसेज़ एशिया इंटरनेशनल फोटोजेनिक 2017, मिसेज़ इंडिया, मिसेज़ हिमाचल) के मार्गदर्शन और प्रयासों से राधा एनजीओ की प्रतिभागी इस प्रकार के प्रतिष्ठित मंचों के लिए स्वयं को तैयार कर पा रही हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि राधा एनजीओ भविष्य में भी समाज सेवा, महिला रोजगार सृजन और सशक्तिकरण के क्षेत्र में नए-नए प्रयासों के माध्यम से अपनी भूमिका को और मजबूत करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *