शिक्षा : कुल्लू जिला के आनी पीएम श्री में एक अप्रैल से सीबीएसई के अंतर्गत बालवाटिका से कक्षा जमा दो तक प्रवेश आरंभ

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
आनी, 26 मार्च
कुल्लू जिला के आनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सबसे बड़े शैक्षणिक संस्थान पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला आनी में सत्र 2026-27 से हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अनुसार सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होगा। पाठशाला में कक्षा वालवाटिका से कक्षा जमा दो तक एक अप्रैल से 10 अप्रैल तक प्रवेश प्रक्रिया चलेगी।
पाठशाला प्रधानाचार्य प्रभारी नरेश ठाकुर ने कहा कि सभी कक्षाओं के लिए विभागीय निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी कक्षाओं में छात्र तथा छात्रा दोनों को प्रवेश प्रदान किया जायेगा। कक्षा वालवाटिका से बारहवीं तक 40 विद्यार्थियों का एक सेक्शन बनाया जायेगा। पाठशाला को प्रति कक्षा दो तथा तीन  सेक्शन प्राप्त हुए हैं। 10 अप्रैल तक पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश  दिया जायेगा।
निर्धारित सेक्शन से अधिक आवेदन आने पर प्रवेश परीक्षा ली जाएगी। इस वर्ष कक्षा दसवीं तथा बारहवीं की पढ़ाई एच पी बोर्ड के माध्यम से होगी तथा आगामी सत्र से ये कक्षाएं भी सीबीएसई के अंतर्गत रहेगी। इन दो बोर्ड कक्षाओं के अतिरिक्त सभी कक्षाओं की पढ़ाई सीबीएसई अनुसार होगी। इस बाबत शीघ्र ही पाठशाला में सेक्शन अनुसार शिक्षकों की तैनाती भी होगी। उन्होंने आनी क्षेत्र के अभिभावकों से निवेदन किया कि अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तथा उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करने हेतु समय पर प्रवेश प्राप्त करें।
पीएम श्री आनी का शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। वर्तमान में पाठशाला में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं,ओपन जिम, हर्बल गार्डन, व्यवसायिक शिक्षा कोर्स सहित विभिन्न सुविधाएं विद्यमान हैं।
पाठशाला के विद्यार्थी जहां बोर्ड टॉप टेन में प्रतिवर्ष स्थान अर्जित करते हैं तो वही सह शैक्षिक क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता रह चुके हैं। विद्यालय के विद्यार्थी अंतर्राष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय स्तर सहित राज्य स्तर तक शैक्षिक भ्रमण द्वारा अपना व्यवहारिक शैक्षणिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *