सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहार घाटी तथा छोटाभंगाल में स्थित विभिन्न पाठशालाओं में प्रधानाचार्यों, प्रवक्ताओ तथा अध्यापकों के खाली पद चलने के कारण यहाँ की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
मिली जानकारी के अनुसार छोटाभंगाल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुल्थान में मात्र एक पोल साइंस प्रवक्ता के सिवाय सभी पद खाली चल रहे हैं। इस पाठशाला में वर्तमान समय में हिंदी, हिस्ट्री तथा कंप्यूटर प्रवक्ता के पद खाली चले हुए हैं। स्कूल प्रबन्धन कमेटी की अध्यक्षा कमलेश कुमारी ने बताया कि इस पाठशाला में प्रवक्ताओ के पद खाली चलने के कारण यहाँ पर शिक्षा ग्रहण करने वाले 120 का भविष्य अन्धकारमय हो रहा है।
वहीँ चौहार घाटी के राजकीय वरिष्ट माध्यमिक पाठशाला कूटगढ़ का कार्यभार भी लगभग पांच वर्षो से मात्र एक कम्प्यूटर प्रवक्ता के कंधे पर आया हुआ है। इस पाठशाला में पढने वाले वाले 75 बच्चों की पढ़ाई में प्रतिकूल प्रभार पड़ रहा है, यही हाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट का है। इस पाठशाला में विभिन्न प्रवक्ताओ के पद खाली चले हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में बरोट पाठशाला में कॉमर्स के दो, संस्कृत का एक, फिजिक्स का एक, शास्त्री का एक तथा कंप्यूटर प्रवक्ता का एक पद खाली चलने के साथ डीपीई का एक, क्लर्क का एक तथा पार्ट टाइम कार्यकर्ता का एक पद खाली चला हुआ है।
गौरतलव है कि बरोट पाठशाला दोनों क्षेत्रों के केंद्र स्थल में स्थित होने के कारण चौहारघाटी की 13 तथा छोटाभंगाल की 7 पंचायतों के लगभग 400 विद्यार्थी पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं। मगर इस मुख्य पाठशाला में अध्यापकों व प्रवक्ताओं के पद खाली चलने के कारण बच्चों को अपने उज्जवल भविष्य की भारी चिंता सताने लगी हुई है।
बरोट पाठशाला की स्कूल प्रबन्धन कमेटी की अध्यक्षा वन्दना देवी तथा मुल्थान स्कूल की अध्यक्षा कमलेश कुमारी सहित समस्त लोगों ने सरकार से मांग की है कि इन पाठशालाओं में खाली चल रहे विभिन्न पदों को तुरंत भरा जाए ताकि यहाँ पढने वाले बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके ।











