सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 16 अप्रैल
हिमाचल प्रदेश में क़ुराश खेल को अहम पहचान दिलाने और अंतर्राष्ट्रीय रैफरी बनने पर कुल्लू जिला के बजौरा स्कूल में तैनात डीपीई हरदेव सिंह को हिमाचल दिवस पर कुल्लू में सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को जिला मुख्यालय पर ऐतिहासिक ढालपुर में हिमाचल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। होम गार्ड के बैंड की मधुर धुन के साथ पुलिस, आईटीबीपी व होमगार्ड के मार्च पास्ट के साथ स्थानीय विद्यालय की छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनमानस का मन मोह लिया।
इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों सराहनीय कार्य करने वाली नामी हस्तियों को मुख्यातिथि द्वारा प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।वहीं इस अवसर पर राजनीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजौरा में कार्यरत डीपीई हरदेव सिंह नेगी को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।
गौरतलब है कि कुराश खेल को हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में पहचान दिलाने और बच्चों में इस खेल के प्रति रुचि पैदा करने के साथ ही इस खेल में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने डीपीई हरदेव सिंह नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज इस खेल के प्रति युवाओं में काफी उत्साह व रोमांच पैदा हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी कुराश खेल में हिमाचल को कई स्वर्ण पदक मिले है। हाल ही में मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल क़ुराश प्रतियोगिता में 9 पदक हिमाचल की झोली में डालने का श्रेय भी डीपीई हरदेव सिंह को जाता है।
उल्लेखनीय है कि अंडर 14 क़ुराश मुकाबले, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आयोजित हुए हैं उसमें 30 साल के लंबे अंतराल के बाद हिमाचल को स्वर्ण पदक मिलना डीपीई हरदेव सिंह की मेहनत का ही परिणाम है। इन उपलब्धियों को देखते हुए हरदेव सिंह को प्रशासन द्वारा हिमाचल दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।












