Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 23 अप्रैल
लाहौल-स्पीति जिला में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय केलंग के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) केलांग कुनिका एकर्स ने की। बैठक में दौरे से संबंधित सभी प्रमुख व्यवस्थाओं जिनमें सिस्सू हेलीपैड, मार्ग प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा प्रबंध, स्वच्छता, मीडिया समन्वय तथा अन्य आवश्यक तैयारियां पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूर्ण समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सिस्सू हेलीपैड की पूर्ण कार्यशीलता, मार्ग की मरम्मत, सुरक्षा बलों की अग्रिम तैनाती, भीड़ नियंत्रण, तथा अटल टनल क्षेत्र में आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन, पुलिस, बीआरओ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा अन्य संबद्ध एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करेंगी। मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम, मीडिया पास व्यवस्था, कंट्रोल रूम की स्थापना, सेक्टर/नोडल अधिकारियों की तैनाती तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, विश्राम एवं ब्रिफिंग व्यवस्था, उच्च स्तरीय बैठक के लिए मॉडल रूम की तैयारी, अतिथियों के लिए उचित स्वच्छ भोजन, तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि फुल-स्केल रिहर्सल शीघ्र आयोजित की जाए, जिससे सभी व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा की जा सके।
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से माननीय राष्ट्रपति महोदय का प्रस्तावित दौरा सफल, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से सम्पन्न होगा। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला, ओसी 70 RCC लेफ्टिनेंट कर्नल तेजस मोरे वनमंडलाधिकारी इंद्रजीत सीरा, खंड विकास अधिकारी डॉ विवेक गुलेरिया,तहसीलदार केलंग विकास कुमार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रोशन लाल,अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सूर्या शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी कुमार गुलेरिया,डीजीएम पर्यटन विकास निगम बलदेव सिंह ओक्टा,प्रभारी अग्निशमन रतन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।











