सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल में गत वर्ष 28 फरवरी की रात को हुई भारी बारिश के कारण राजकीय प्राथमिक पाठशाला पोलिंग का दो कमरों का भवन व खेल का मैदान भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है तथा उसके आगे का डंगा भी ढह जाने से पाठशाला एक वर्ष से बदहाली की स्थिति में आ गई है।
इस पाठशाला के बच्चों को मिडल स्कुल के कमरों में बैठ कर मजबूरन शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है और खेल के मैदान में बच्चों को खेलने – कूदने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूर्व बीडीसी सदस्य श्याम सिंह ने बताया कि पाठशाला की इतनी दयनीय स्थिति को देखते हुए एक वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने पाठशाला की कोई सुध नहीं ली और सुधार करने के वजाय कुम्भकरणी नींद ही सोया हुआ है। उन्होंने बताया कि इस पाठशाला में कुल 25 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मगर यह पाठशाला लगभग एक वर्ष से बदहाली के आंशु बहा रही है।
पाठशालाओं के बच्चों की पढ़ाई में प्रतिकूल असर पड़ने के साथ अध्यापकों को भी बच्चों को पढ़ाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। पूर्व बीडीसी सदस्य श्याम सिंह सहित पोलिंग पंचायत के समस्त लोगों ने बैजनाथ विधायक किशोरी लाल तथा स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस पाठशाला की दयनीय हालत को जल्द से जल्द सुधारा जाए ताकि इस पाठशाला में पढ़ने वाले बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े।











