सुरभि न्यूज़
धर्मशाला, 03 जून
उपायुक्त कांगड़ा एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायती राज) हेमराज बैरवा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत जिला कांगड़ा की विभिन्न पंचायत समितियों में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण तथा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए संबंधित उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को अधिकृत किया है।
उपायुक्त ने बताया कि संबंधित एसडीएम अपने-अपने क्षेत्राधिकार की पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित सदस्यों की बैठक बुलाएंगे, जिसमें सदस्यों को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 127 के अंतर्गत शपथ दिलाई जाएगी। यह प्रक्रिया पंचायत समिति चुनाव परिणाम घोषित होने के एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, संबंधित एसडीएम पंचायत समितियों की विशेष बैठक आयोजित कर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया भी संपन्न करवाएंगे।
इस दौरान निर्वाचित सदस्य अपने मध्य से एक सदस्य को अध्यक्ष तथा एक सदस्य को उपाध्यक्ष के रूप में चुनेंगे।
उन्होंने बताया कि एसडीएम जवाली को नगरोटा सूरियां, एसडीएम नूरपुर को नूरपुर, एसडीएम देहरा को देहरा एवं प्रागपुर, एसडीएम ज्वालामुखी को सुरानी, एसडीएम कांगड़ा को कांगड़ा, एसडीएम पालमपुर को पालमपुर, भवारना एवं पंचरुखी, एसडीएम जयसिंहपुर को लंबागांव, एसडीएम बैजनाथ को बैजनाथ, एसडीएम धर्मशाला को धर्मशाला, एसडीएम धीरा को सुलह, एसडीएम नगरोटा बगवां को नगरोटा बगवां एवं बड़ोह, एसडीएम फतेहपुर को फतेहपुर, एसडीएम शाहपुर को रैत तथा एसडीएम इंदौरा को इंदौरा पंचायत समिति के लिए अधिकृत किया गया है।












