वार्षिक सेल्फ असेसमेंट – रिपोर्ट 2025 आंतरिक रैंकिंग में महाविद्यालय बंजार का शानदार प्रदर्शन, टियर-II श्रेणी में प्रदेशभर में पांचवां स्थान

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार/कुल्लू, 03 जून

उच्च शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित वार्षिक सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (SAR) 2025 के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालयों की आंतरिक रैंकिंग में राजकीय महाविद्यालय बंजार  ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए टियर-II श्रेणी में प्रदेशभर में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (SAR) के माध्यम से सरकारी महाविद्यालयों का मूल्यांकन शिक्षण, छात्र गतिविधियों, शोध, नवाचार, प्रशासनिक दक्षता तथा संस्थागत विकास जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है।

विशेष बात यह है कि जिला कुल्लू से इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में स्थान प्राप्त करने वाला एकमात्र राजकीय महाविद्यालय बंजार है। यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय के लिए बल्कि पूरे बंजार क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

महाविद्यालय की इस सफलता के पीछे शिक्षकों की अथक मेहनत, विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी तथा  सेल्फ असेसमेंट रिपोर्ट (SAR) समिति के सदस्यों का समर्पण और सुव्यवस्थित कार्य प्रमुख कारण रहे हैं। पूरे वर्ष विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित कर महाविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम इस गौरवपूर्ण रैंकिंग के रूप में सामने आया है।

महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, अभिभावकों तथा पूर्व विद्यार्थियों ने भी इस सफलता पर महाविद्यालय को बधाई देते हुए इसे बंजार क्षेत्र की शिक्षा जगत में एक नई पहचान बताया है।

राजकीय महाविद्यालय बंजार की यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद समर्पण, गुणवत्ता और टीमवर्क के बल पर उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है। यह सफलता आने वाले वर्षों में महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *