सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 02 जुलाई
कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शलिंगचा पंचायत के गांव शलिंगचा व हुरंग पंचायत के फोजल गाँव में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी को मनोरंजक और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अनुमोदित मन्नत कला मंच, कुल्लू के कलाकारों ने लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर कलाकारों के समूह ने लोकगीतों तथा नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से आम जनता को सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सांस्कृतिक दल ने समूह गान ‘एकता हमारा धर्म है’ व नाट्य मंचन के दौरान अनुसूचित जाति के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई शिक्षा की योजनाओं, स्वरोजगार योजनाओं, राजीव गांधी ई- टैक्सी योजना, आवास एवं स्वास्थ्य योजनाओं सहित सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण, अंतर्जातीय विवाह तथा विधवा पुनर्विवाह आदि कार्यक्रमों की जानकारी सरल एवं मनोरंजक शैली में प्रस्तुत की।
गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने जीवन स्तर को ऊँचा उठा सकते हैं। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर भी जानकारी दी गई। नाटक के द्वारा युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार, खेल व कला जैसी सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया गया।
इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा अनुसूचित जाति वर्ग सहित सभी पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है। अभियान के तहत जिला के विभिन्न अनुसूचित जाति बहुल गांवों एवं पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों से लाभान्वित हो सकें।
इस विशेष प्रचार-प्रसार कार्यक्रम के दौरान कलाकारों सहित शलिंगचा गांव की प्रधान इंदिरा ठाकुर, वार्ड पंच राम चंद, शक्ति महिलामंडल व जय शिलादेवता युवामंडल के सदस्य एवं बंदल पंचायत के फोजल गांव में प्रधान किशन सोनी, उपप्रधान गुड्डू राम, वार्ड पंच शांता, महिला मंडल शामग, वीरनाथ युवकमंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












