सनराइज पैराडाइज पब्लिक स्कूल का प्रशासनिक निरीक्षण, विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि – ज्योति राणा

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला : 03 जुलाई

जिला प्रशासन शिमला द्वारा सनराइज पैराडाइज पब्लिक स्कूल, संजौली के सुचारू संचालन एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियुक्त प्रशासक एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने शुक्रवार को विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान ज्योति राणा ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था, अध्यापकों की उपलब्धता तथा विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव उनके समक्ष रखे, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनकी शिक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा किसी भी छात्र के भविष्य से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि अब विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होंगी और शैक्षणिक गतिविधियां व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ेंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, कक्षाओं की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विद्यालय का वातावरण सुरक्षित, अनुशासित एवं शिक्षण के अनुकूल बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
ज्योति राणा ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि विद्यालय में अध्ययनरत प्रत्येक विद्यार्थी को बिना किसी व्यवधान के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार विद्यालय की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है तथा समय-समय पर निरीक्षण भी किए जाएंगे।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या सुझाव होने पर जिला प्रशासन अथवा विद्यालय प्रशासन के साथ साझा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं अभिभावकों के सामूहिक सहयोग से विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों के हितों की प्रभावी रूप से रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *