सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 11 जुलाई
ऑल इंडिया संपादक संघ द्वारा जनहित, राष्ट्रहित एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय संपादक गौरव सम्मान से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के धर्मचंद यादव, प्रेम सागर चौधरी एवं ओम बौद्ध को सम्मानित किया गया है।

तीनों पत्रकारों को पत्रकारिता के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, जनहित की आवाज़ बुलंद करने तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि से कुल्लू जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के पत्रकारिता जगत में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, पत्रकार एवं बुद्धिजीवी संगठनों ने धर्मचंद यादव, प्रेम सागर चौधरी और ओम बौद्ध को इस सम्मान पर हार्दिक बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया है।

ऑल इंडिया संपादक संघ ने कहा कि यह सम्मान उन पत्रकारों को समर्पित है, जो सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह सम्मान पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को प्रोत्साहित करने और समाज के प्रति समर्पित पत्रकारों का उत्साहवर्धन करने का एक प्रयास है।











