अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन सीईई-2027 का परिणाम घोषित, 2,769 अभ्यर्थी हुए चयनित – गौतम निशांत

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 13 जुलाई
भर्ती कार्यालय (एआरओ) मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने जानकारी  देते हुए बताया कि भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE)-2027 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है।
अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर CEE Result टैब के माध्यम से अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। यह परिणाम अंबाला ज़ोन के अभ्यर्थियों के लिए जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के कुल 2,769 अभ्यर्थियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन हुआ है। इन अभ्यर्थियों को भर्ती वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली भर्ती रैलियों में शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। एआरओ मंडी ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए आगामी भर्ती रैली के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन एवं टेक्निकल श्रेणियों की भर्ती रैली 2 फरवरी से 6 फरवरी, 2027 तक पड्डल ग्राउंड, मंडी में आयोजित की जाएगी।
इसी प्रकार सोल्जर (नर्सिंग असिस्टेंट), सिपाही फार्मा, धार्मिक शिक्षक (रिलिजियस टीचर) तथा जेसीओ श्रेणियों की भर्ती रैली 20 जुलाई से 27 जुलाई, 2026 तक रोहतक में आयोजित होगी। वहीं महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में अंबाला में आयोजित की जाएगी।
भर्ती रैलियों के लिए एडमिट कार्ड अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर भेजे जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी भर्ती रैली शुरू होने से 3 से 4 सप्ताह पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर लॉगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड भी कर सकते हैं।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से समय-समय पर भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले निर्देशों का पालन करने तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी वहीं से प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *