सूत्रधार कला संगम स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत 29 जुलाई को सूत्रधार गुरु पूर्णिमा महोत्सव का करेगा आयोजन  

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 13 जुलाई

सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी की समीक्षा बैठक गत दिवस सूत्रधार भवन सरवरी के अध्यक्ष कार्यालय में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में सम्पन्न हुए 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी स्वर्ण जयंती वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में समस्त कार्यकारिणी द्वारा वर्षगांठ उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, कलाकारों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों, अभिभावकों, पाठशालाओं, दानी सज्जनों, कलाप्रेमियों, ज़िला प्रशासन एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया गया तथा साथ ही इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने समस्त जनों से आग्रह किया कि यदि कोई भी व्यक्ति संस्था के साथ जुड़कर कला, संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहता है तो वह किसी भी रूप में संस्था के साथ जुड़ सकता है।

बैठक में उत्सव के दौरान प्राप्त सुझावों एवं अनुभवों के आधार पर भविष्य के आयोजनों को और अधिक प्रभावी एवं भव्य बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई ।

संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बैठक में जानकारी देते हुआ कहा कि संस्था वर्तमान में अपने 50 स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जोकि अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है। इस उपलक्ष पर सूत्रधार कला संगम कुल्लू के स्वर्ण जयंती वर्ष पर आधारित विशेष लोगो का भव्य अनावरण किया जाएगा।

यह लोगो संस्था के 50 वर्षों की सांस्कृतिक यात्रा, लोक संस्कृति के संरक्षण एवं समाज सेवा की गौरवशाली विरासत का प्रतीक होगा। इस लोगो के निर्माण हेतु संस्था उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कमेठी का गठन किया गया जिसमें महासचिव अतुल गुप्ता, प्रचार-प्रसार सह प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा व कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य को सम्मिलित किया गया ।

इसके अतिरिक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी सूत्रधार स्वर्ण जयंती वर्षगांठ महोत्सव को इस बार पाँच दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जायेगा।

इस महोत्सव में स्थानीय पाठशालाओं सहित सांस्कृतिक संस्थाओं एवं अन्य सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके । महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा ।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत पहला कार्यक्रम 29 जुलाई को “सूत्रधार गुरु पूर्णिमा महोत्सव” का आयोजन देव सदन कुल्लू के सभागार में 03:00 बजे से किया जाएगा, जिसमें सूत्रधार संगीत अकादमी के प्रशिक्षुओं द्वारा गीत-संगीत व नृत्यों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएगी।

बैठक में अध्यक्ष दिनेश सेन सहित उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, सचिव मंजुलता शर्मा व यशोदा शर्मा, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य, प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य सनी व संजय पुजारी तथा प्रबन्धक उत्तम चन्द उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *