सुरभि न्यूज़
मनाली, 28 जुलाई
खाद्य सुरक्षा विभाग, कुल्लू द्वारा मनाली में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए एक (फ़ूड सेफ्टी ट्रेनिंग & सर्टिफिकेशन ) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक खाद्य व्यवसाय संचालकों (FBOs) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह प्रशिक्षण FSSAI द्वारा अधिकृत (Empanelled) Trainer के माध्यम से प्रदान किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य निर्माण, व्यक्तिगत स्वच्छता (Personal Hygiene), खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण एवं हैंडलिंग, क्रॉस-कंटैमिनेशन की रोकथाम, तापमान नियंत्रण, लाइसेंसिंग एवं पंजीकरण संबंधी प्रावधानों तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षण एवं जागरूकता के माध्यम से खाद्य व्यवसाय संचालकों की क्षमता का विकास करना तथा आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग, कुल्लू भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा तथा सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का अनुरोध करता है।











