केलंग में जनजातीय उत्सव 2026 के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं की घोषणा, वॉलीबॉल और क्रिकेट रहेंगे मुख्य आकर्षण

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 30 जुलाई
खेलकूद उपसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक उप-समिति के अध्यक्ष एवं पीओआईटीडीपी केलांग, अश्वनी कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस उप अधीक्षक रश्मि शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अश्वनी कुमार ने जानकारी दी कि ‘जनजातीय उत्सव 2026’ के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार की खेलकूद गतिविधियों और प्रतिस्पर्धाओं का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण वॉलीबॉल प्रतियोगिता रहेगी, जिसे दो श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में जिलास्तरीय प्रतियोगिता में केवल जिला स्तरीय टीमें हिस्सा ले सकेंगी, जबकि दूसरी श्रेणी सभी क्षेत्रों से आने वाली टीमों के लिए खुली रहेगी। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा, स्टिंगरी मैदान में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा, जो सभी के लिए खुला रहेगा। उत्सव में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, स्लो साइकिलिंग के साथ-साथ जूनियर, महिला और सीनियर सिटीजन वर्ग के लिए मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर जैसे पारंपरिक व मनोरंजक ग्रामीण खेल भी शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी के बारे में 5 अगस्त से पूर्व घोषणा की जाएगी।
उन्होंने जिला व जिला से बाहर के सभी इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों से अपील तक की है कि वे प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए पुलिस उप -अधीक्षक कार्यालय, केलांग में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *