साहित्य : नराकास कुल्लू-मनाली की प्रथम छमाही बैठक आयोजित, हिम लहरी के आठवें अंक का हुआ विमोचन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू :  01 अगस्त

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) कुल्लू-मनाली की वर्ष 2026-27 की प्रथम छमाही बैठक का आयोजन 31 जुलाई को पार्बती-III पावर स्टेशन, बिहाली में किया गया। बैठक की अध्यक्षता नराकास कुल्लू-मनाली के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक (प्रभारी) सुधीर कुमार ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (यांत्रिक) रंजीत कुमार तथा समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) जी. टी. एस. राजू सहित विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों एवं स्वायत्त संस्थानों के प्रमुख, राजभाषा अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्ष सुधीर कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग केवल राजभाषा नीति के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जनसंपर्क को सुदृढ़ बनाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी सदस्य कार्यालयों से कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ाने का आह्वान किया।

नराकास के सचिव रमाकांत ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि कराते हुए अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद वर्ष 2026 की प्रथम छमाही की हिंदी प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में सदस्य कार्यालयों ने राजभाषा कार्यान्वयन से जुड़ी अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा किया तथा हिंदी के प्रयोग को अधिक सरल, प्रभावी और तकनीक-सम्मत बनाने के लिए सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर नराकास की राजभाषा पत्रिका “हिम लहरी” के आठवें अंक का भी विधिवत विमोचन किया गया।

बैठक के समापन पर अध्यक्ष ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सदस्य कार्यालयों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 के लक्ष्यों और निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल देते हुए सभी संस्थानों से हिंदी में कार्य करने के लिए कर्मचारियों को निरंतर प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।

अंत में समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) जी. टी. एस. राजू ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *