सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : केलांग | 04 अगस्त
जिला मुख्यालय केलांग में 14 से 16 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय लाहौल-स्पीति जनजातीय उत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां ज़ोरों पर हैं। उपायुक्त एवं अध्यक्ष (राज्य स्तरीय जनजातीय मेला समिति) किरण भड़ाना ने उत्सव में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनों में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों से 10 अगस्त तक आवेदन करने का आह्वान किया है।
किरण भड़ाना ने उत्सव में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनों में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों से 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते है। प्रतिभागी अपने आवेदन संबंधित कार्यालय में जमा करवा सकते हैं या आधिकारिक ई-मेल dc-lah-hp@nic.in पर भेज सकते हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 10 अगस्त के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन या नई प्रविष्टि (Entry) पर विचार नहीं किया जाएगा। समय रहते आवेदन प्राप्त होने से कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूर्ण की जा सकेंगी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के मुख्य आकर्षणों में से एक 14 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य महानाटी होगी। नाटी का आयोजन पारंपरिक शोभायात्रा के समापन के तुरंत बाद किया जायेगा जिसमें लाहौल-स्पीति के विभिन्न क्षेत्रों की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और समृद्ध जनजातीय विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। महानाटी में भाग लेने के इच्छुक महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह (SHG) और स्थानीय सांस्कृतिक दल अपनी सहभागिता की पुष्टि खंड विकास अधिकारी (BDO), केलांग के कार्यालय में जल्द से जल्द जमा करवाएं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी कलाकारों, सांस्कृतिक दलों और स्वयंसेवी संस्थाओं से इस सांस्कृतिक महाआयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन जिले की सांस्कृतिक समृद्धि, लोक कला और सामुदायिक सौहार्द का जीवंत प्रतीक बनेगा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी इसे ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाएगी।











