पार्बती-II पावर स्टेशन के बैकस्लोप से पानी का रिसाव नियंत्रित, घबराने की आवश्यकता नहीं: एनएचपीसी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

नगवाईं, 13 अगस्त 

​एनएचपीसी लिमिटेड ने पार्बती-II पावर स्टेशन के पावर हाउस के पीछे ढलान (बैकस्लोप) में बने ‘वीप होल्स’ से हो रहे पानी के रिसाव को लेकर जन-सामान्य को सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया है। एनएचपीसी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह से सामान्य व नियंत्रण में है और लगातार इसकी तकनीकी मॉनिटरिंग की जा रही है।

​एनएचपीसी अधिकारियों के अनुसार, जुलाई 2026 के दूसरे सप्ताह से बैकस्लोप वाले हिस्से में वीप होल्स से पानी का रिसाव देखा गया है। वीप होल्स (Weep Holes) पावर हाउस के पीछे ढलान का एक महत्वपूर्ण आंतरिक सुरक्षा प्रावधान हैं। इन्हें इसलिए डिजाइन किया गया है ताकि बारिश के दौरान पहाड़ियों में जमा जलभराव सुरक्षित रूप से बाहर निकल सके। मानसून के दौरान इनसे पानी निकलना एक सामान्य प्रक्रिया है।

​हालांकि, जुलाई के अंतिम सप्ताह से रिसाव में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके बाद एनएचपीसी ने इसकी अनवरत निगरानी और जांच शुरू कर दी है।

​एहतियाती कदम उठाते हुए एनएचपीसी ने निगम मुख्यालय से भू-विज्ञान, डिजाइन एवं अभियांत्रिकी (Design & Engineering) विभाग के विशेषज्ञों की एक विशेष तकनीकी टीम का गठन किया है। यह टीम सीपेज और इसके संभावित स्रोतों का गहन मूल्यांकन कर रही है, जिसके आधार पर आवश्यक तकनीकी उपाय किए जाएंगे।

​प्रबंधन ने यह भी साफ किया कि ​सीपेज का दायरा मात्र 20 से 25 मीटर के एक छोटे से क्षेत्र तक ही सीमित है। इस स्थान पर काफी ऊंचाई तक मजबूत रॉक कवर (Rock Cover) मौजूद है।​यह क्षेत्र आबादी वाले रिहायशी इलाकों से काफी दूर स्थित है, जिससे स्थानीय निवासियों को कोई खतरा नहीं है।

​एनएचपीसी ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया है। संस्था ने प्रतिबद्धता जताई है कि हर महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी पूरी पारदर्शिता के साथ साझा की जाएगी।

​एनएचपीसी ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और पैनिक न हों। पावर स्टेशन की विशेषज्ञ टीम द्वारा लगातार प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *