पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बालीचौकी में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, बोले- छिपी प्रतिभाओं को करें तराश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, मंडी/बालीचौकी : 12 सितंबर

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को अपने गृह क्षेत्र बालीचौकी में जिला स्तरीय राजकीय पाठशालाओं की अंडर-19 छात्र इंटर जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कड़ी मेहनत और खेल भावना का संदेश दिया।

बालीचौकी में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 18 जोन से आए 640 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में छिपी हुई खेल एवं कला प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में रूटीन तरीके से आगे नहीं बढ़ा जा सकता। चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम लगातार देश के कोने-कोने से छिपी प्रतिभाओं को खोजकर दुनिया के सामने लाते हैं, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने थाची क्षेत्र की बेटी परीष्ठी ठाकुर का उदाहरण दिया, जो रूस में आयोजित यूथ लीडरशिप कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया। साथ ही बालीचौकी स्कूल की छात्रा जीवना ठाकुर के मधुर गायन की भी सराहना की।

अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के कहने पर उन्होंने केरल की बेटी वेदिका को हिमाचली लोकगीत ‘माय नी मेरिये’ गाने पर बधाई दी थी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन का अहम हिस्सा हैं क्योंकि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत को खेल भावना से स्वीकार करने और मेहनत जारी रखने का आह्वान किया।

जयराम ठाकुर ने खेल आयोजन समिति को अपनी विधायक ऐच्छिक निधि से 51,000 रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष बोदी देवी, प्रधानाचार्य रणवीर ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *