सुरभि न्यूज़
रविंदर चंदेल, बिलासपुर
संकल्प सेलिंग एक्सपीडिशन-2026 के चौथे दिन एनसीसी कैडेट्स ने साहसिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया। दिन की शुरुआत हल्के व्यायाम से हुई, जिसके बाद कैडेट्स बंदला हिल्स क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए रवाना हुए।
कैडेट्स ने निहाल-कुनाला के आसपास करीब 8 किलोमीटर की ट्रैकिंग पूरी की। इस दौरान उन्होंने शारीरिक सहनशक्ति, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। ट्रैकिंग के बाद कैडेट्स ने ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया और आसपास के स्थानों की साफ-सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया।
इसके बाद कैडेट्स ने मझासू से औहर होते हुए कंगर कोठी तक नौकायन किया और वापस बिलासपुर पहुंचे। चौथे दिन अभियान के दौरान कैडेट्स ने कुल 22 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की।
सेलिंग अभियान के दौरान औहर पहुंचने पर कैडेट्स ने जल संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों को जल के महत्व, जल स्रोतों के संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने का संदेश दिया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थियों ने सेलिंग अभियान में शामिल कैडेट्स का भव्य स्वागत किया। विद्यार्थियों की सहभागिता से कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला।
अभियान के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। जल स्रोतों का संरक्षण आज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, क्योंकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य इसी पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अपने अनुशासन और जागरूकता के माध्यम से समाज को यह संदेश दे रहे हैं कि पानी की हर बूंद अनमोल है और इसका संरक्षण सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का उद्देश्य कैडेट्स को केवल साहसिक गतिविधियों का अनुभव देना नहीं, बल्कि उन्हें पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
चौथे दिन 4 एचपी बटालियन आर्मी एनसीसी यूनिट, हमीरपुर के कमान अधिकारी कर्नल जी.पी. सिंह ने अभियान में शामिल होकर कैडेट्स का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कैडेट्स से संवाद करते हुए ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ को महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण आयोजन बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और साहस को मजबूत करते हैं। कर्नल जी.पी. सिंह ने बताया कि यह अभियान आरडीसी बैनर के लिए भी महत्वपूर्ण है और इसके लिए 15 अंक निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कैडेट्स को पूरे उत्साह, अनुशासन और टीम भावना के साथ अभियान जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
चौथे दिन कैडेट्स ने एक ही दिन में 8 किलोमीटर ट्रैकिंग और 22 किलोमीटर सेलिंग पूरी कर अपनी शारीरिक क्षमता और साहस का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण जागरूकता रैली के माध्यम से उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाई।
‘संकल्प सेलिंग एक्सपीडिशन-2026’ अब महज एक सेलिंग अभियान नहीं रह गया है, बल्कि यह साहस, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश देने वाला अभियान बनता जा रहा है।










