कुल्लू में टैक्सी चालक पर युवती से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप, केस दर्ज

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 12 सितंबर

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि भरोसे के साथ सवारी को मंजिल तक पहुंचाने वाला टैक्सी चालक ही भक्षक बन गया।

25 वर्षीय इशिता शर्मा ने आरोप लगाया है कि वह भुंतर से दियार जाने के लिए 500 रुपये में टैक्सी बुक कर रही थीं। टैक्सी चालक रूम सिंह, निवासी जमोट, उन्हें तय रास्ते की जगह अपर जमोट के पास एक सुनसान जंगल में ले गया।

पीड़िता के अनुसार, सुनसान जगह पर पहुंचकर चालक ने गाड़ी रोक दी और अश्लील हरकतें व छेड़खानी शुरू कर दी। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।

घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत 112 आपातकालीन हेल्पलाइन पर संपर्क किया और पुलिस को पूरी आपबीती बताई। भुंतर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी टैक्सी चालक रूम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल करवाया जा रहा है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यात्रियों, खासकर महिलाओं से अपील की है कि टैक्सी बुक करते समय गाड़ी नंबर, ड्राइवर का नाम और फोटो परिवार को जरूर शेयर करें। सुनसान रास्ते पर जाने से बचें और कोई भी संदिग्ध हरकत दिखने पर तुरंत 112 पर कॉल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *