कुल्लू जिला के कटागला-छलाल-रशोल सड़क पर खर्च होंगे 13.18 करोड़, 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 11 सितंबर

कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के कटागला, छलाल और रशोल गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुक्रवार को विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि योजना के तहत स्वीकृत इस सड़क परियोजना पर 13 करोड़ 17 लाख 80 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि से चार माह पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग को इस परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से मात्र 12 माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विभाग को पार्वती नदी के दोनों छोरों से एक साथ निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि 8.250 किलोमीटर लंबी यह सड़क जय नाला से शुरू होकर कटागला, छलाल होते हुए रशोल तक जाएगी। सड़क बनने से तीनों गांव सीधे सड़क सुविधा से जुड़ जाएंगे। इससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम होने के साथ किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा बच्चों को शिक्षा के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

परियोजना के तहत फॉर्मेशन कटिंग, रिटेनिंग वॉल, ब्रेस्ट वॉल, बिना लाइनिंग की नालियां, पैरापेट, क्रॉस ड्रेनेज वर्क्स, मक प्रबंधन, सेटिंग आउट, किलोमीटर एवं मीटर पत्थर, सूचना पट्ट तथा एक पुल का निर्माण किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि शागणा-बलरगा-शिल्ला सड़क को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। इसके अलावा दुर्गम गांव ग्राहण और नक्शान को भी सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन में जिया चौक से मणिकर्ण तक सड़क सुधार कार्य के लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से 38 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को जिया-मणिकर्ण मार्ग के जर्जर हिस्सों का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सुधार कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का पुष्प-गुच्छों और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया। वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक ने क्षेत्र के सभी लोगों को सड़क परियोजना की शुरुआत के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के सभी महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। छलाल महिला मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने भी विधायक से मुलाकात की।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, इंदिरा ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, बीडीसी सदस्य श्याम राखा व मनोज ठाकुर, ईशान ठाकुर, छलाल पंचायत प्रधान अमरा देवी, उपप्रधान चुनी लाल, हिमाचल प्रदेश कृषि विकास बैंक के निदेशक किशन ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर सहित पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *