सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहार घाटी, छोटाभंगाल घाटी और आसपास के दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बरोट में स्थापित पुस्तकालय अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। पूर्व पंचायत प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर की पहल और विभिन्न समाजसेवियों के सहयोग से इसी वर्ष जनवरी में बरोट पंचायत के कार्यालय भवन में पुस्तकालय की स्थापना की गई थी।
दुर्गम क्षेत्र में पुस्तकालय खुलने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण के साथ आवश्यक अध्ययन सामग्री और बैठने की सुविधा मिल रही है। यहां विद्यार्थी स्कूल-कॉलेज की परीक्षाओं के अलावा पुलिस, पटवारी, जेबीटी, कमीशन सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
डॉ. रमेश ठाकुर के अनुसार पुस्तकालय में अब तक करीब 500 विभिन्न पुस्तकें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। पुस्तकालय में एक समय में करीब 25 से 30 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था है। विद्यार्थियों के लिए मेज, कुर्सियां, बेंच और बिजली की उचित व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में चौहार और छोटाभंगाल घाटी के करीब 15 से 20 विद्यार्थी नियमित रूप से यहां अध्ययन करने पहुंच रहे हैं। इनमें राजकुमार शास्त्री प्रतियोगी परीक्षाओं, अजय कुमार बीकॉम की पढ़ाई, आलम और शमा कुमारी पटवारी परीक्षा, अविषेक पुलिस व पटवारी, नेहा बीए परीक्षा, मुस्कान कमीशन, भवेश पुलिस तथा अंकुश कमीशन की तैयारी कर रहे हैं।
पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों ने इसे दुर्गम घाटियों के लिए उपयोगी सुविधा बताते हुए पूर्व पंचायत प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर और सहयोग करने वाले समाजसेवियों का आभार जताया। विद्यार्थियों का कहना है कि घर से दूर जाकर महंगी सुविधाएं लेने की आवश्यकता कम हुई है और शांत वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है।
डॉ. रमेश ठाकुर ने चौहार घाटी, छोटाभंगाल घाटी सहित आसपास के दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों से पुस्तकालय की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने जिला प्रशासन, स्थानीय लोगों और दूरदराज क्षेत्रों के समाजसेवियों से पुस्तकालय के लिए अधिक से अधिक पुस्तकें उपलब्ध करवाने में सहयोग करने की अपील भी की।











