सुरभि न्यूज़
तीर्थन घाटी गुशैनी/बंजार : परस राम भारती
जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल में शनिवार को उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष तथा समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष राम सिंह मियां ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान बंजार क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, लंबित योजनाओं और विभिन्न जनसमस्याओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने तीर्थन घाटी सहित बंजार क्षेत्र की सड़क, बिजली, शिक्षा, पशुपालन और पर्यटन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुशैनी के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के लिए विद्यालय भवन से जुड़े कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाना जरूरी है।
इसके अलावा बंजार-बठाहड़ सड़क पर जुलाई 2026 से बंद पड़े निर्माण कार्य को दोबारा शुरू करने, नगलाड़ी-शर्ची सड़क की खस्ताहाल स्थिति में सुधार करने तथा सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग भी रखी गई।
बरनागी से मशयार सड़क को चालू करने, गुशैनी पशु चिकित्सालय में रिक्त पदों को भरने और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने से जुड़े मुद्दे भी बैठक में उठाए गए।
तीर्थन घाटी में पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ने वाले शोर-शराबे का मुद्दा भी बैठक में सामने आया। सदस्यों ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय लोगों की सुविधा और कानून-व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इसके लिए पर्यटन सीजन के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।
ग्राम पंचायत नोहांडा के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान में उपमंडल स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य स्वर्ण सिंह ठाकुर ने गुशैनी-पेखड़ी सड़क मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
समिति अध्यक्ष को सौंपे मांग पत्र में उन्होंने बताया कि गुशैनी-पेखड़ी सड़क पर करीब 23 कैंचियां हैं, लेकिन कई स्थानों पर सड़क किनारे बनी नालियां बंद पड़ी हैं। इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर बहता रहता है, जिससे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
उन्होंने बताया कि सड़क के दोनों ओर लंबी झाड़ियां भी उग आई हैं, जो बसों और छोटी गाड़ियों के शीशों तक पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी के साथ चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है।
स्वर्ण सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की बंद पड़ी नालियों की सफाई करवाने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
बैठक में गुशैनी से खारूंगचा तक बिछी हाई ट्रांसमिशन (एचटी) बिजली लाइन की पुरानी तारों को बदलने की मांग भी उठी। स्वर्ण सिंह ठाकुर ने बताया कि इस लाइन के अधिकांश हिस्से में जी-9 तारें लगी हुई हैं, जिन्हें वर्ष 1985 में क्षेत्र में बिजली पहुंचने के समय बिछाया गया था।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस्तेमाल के कारण इन तारों में जंग लग चुकी है और कई बार तार टूटने से क्षेत्रवासियों को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यह बिजली लाइन नोहांडा और पेखड़ी पंचायतों को बिजली आपूर्ति करती है। सदस्यों के अनुसार पुरानी तारों के कारण दोनों पंचायतों में वोल्टेज की समस्या भी बनी रहती है।
उन्होंने मांग की कि पुरानी तारों को बदलकर उनकी जगह एल्यूमिनियम कंडक्टर लगाए जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हो और लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
समिति अध्यक्ष राम सिंह मियां ने गैर सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रमुख समस्याओं का निपटारा एक माह के भीतर सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें और लंबित विकास कार्यों को गति प्रदान करें।
समिति की करीब डेढ़ माह बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें वर्तमान बैठक में उठाए गए मुद्दों पर विभागों द्वारा की गई कार्रवाई और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की बैठक में उठाए गए तीर्थन घाटी और बंजार क्षेत्र के इन महत्वपूर्ण जनमुद्दों पर विभागीय स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और इसका धरातल पर लोगों को कितना लाभ मिलता है।











