सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग : 01 अक्टूबर
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पुराने परिधि गृह के प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार तथा एसडीएम केलांग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला कल्याण अधिकारी संजय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाने का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों के अलावा महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भी भाग लिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा उनसे जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं जानकारी प्रदान की गई।
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बढ़ाने तथा उनके अधिकारों और गरिमापूर्ण जीवन के संरक्षण का संदेश दिया गया।











