कुल्लू दशहरा में खाद्य कारोबारियों को निःशुल्क एप्रन, दस्ताने और कैप उपलब्ध करवाए जाएंगे, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य व्यवस्था पर रहेगा जोर – सुंदर सिंह ठाकुर 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 01 अक्तूबर

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान इस वर्ष खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘Good Food, Good Mood’ नाम से विशेष पहल शुरू की जाएगी। इसके तहत दशहरा मेले में खाद्य एवं पेय पदार्थों से जुड़े सभी कारोबारियों को निःशुल्क एप्रन, दस्ताने और कैप उपलब्ध करवाए जाएंगे।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की स्वच्छता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा खाद्य कारोबारियों को हाइजीन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों द्वारा एप्रन, दस्ताने और कैप के एकरूप उपयोग से स्वच्छता मानकों के पालन के साथ मेले का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित नजर आएगा।

उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा में स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक भी पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित खाद्य व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। मेले में लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना प्रशासन और संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और खाद्य सुरक्षा विभाग को ‘Good Food, Good Mood’ पहल को प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेले के दौरान खाद्य कारोबारियों को आवश्यक हाइजीन संबंधी मार्गदर्शन दिया जाए तथा साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि इस पहल के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि खाद्य कारोबारियों को एप्रन, दस्ताने, कैप सहित अन्य जरूरी स्वच्छता सामग्री उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की कमी न रहे।

सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘Good Food, Good Mood’ पहल के माध्यम से कुल्लू दशहरा मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था का बेहतर उदाहरण बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *