महिला साहित्यकार संस्था की कुल्लू इकाई ने गांधी व शास्त्री जयंती पर पर्यावरण संरक्षण और साहित्यिक चेतना का दिया संदेश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

नग्गर, कुल्लू : 03 अक्तूबर

महिला साहित्यकार संस्था कुल्लू इकाई द्वारा कुल्लू में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर एक  आयोजन किया गया। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रीता सिंह के दिशा-निर्देश पर कुल्लू इकाई द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की जिलाध्यक्ष सोमलता ठाकुर ने की।

महिला साहित्यकार संस्था की प्रसार सचिव शारदा अरनोट ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ कन्याओं के हाथों देवदार के पौधे रोपकर किया गया। इस अवसर पर कुल 21 देवदार के पौधे लगाए गए। पौधरोपण के माध्यम से संस्था ने गांधी जी के स्वच्छता, प्रकृति प्रेम और सादगी के संदेश को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज को हरियाली बचाने का संदेश दिया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों तथा देश के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों और प्रकृति संरक्षण की भावना स्पष्ट दिखाई दी।

इस अवसर पर महिला मंडल की प्रधान पार्वती सहित सदस्य कुंती देवी, सयाना देवी, पुष्पा, केकती, रीमा देवी आदि उपस्थित रहीं। छात्र वर्ग से मानस, पार्थ, आधिश, ओजस, यतींद्र, कार्तिक, अमंग, उमेश सहित अन्य बच्चों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की सदस्य आंचल ठाकुर ने किया। संस्था की कुल्लू इकाई ने गांधी एवं शास्त्री जयंती को केवल स्मरण दिवस के रूप में मनाने के बजाय इसे पर्यावरण संरक्षण, साहित्यिक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी में सामाजिक चेतना जागृत करने के अवसर के रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में लगाए गए देवदार के 21 पौधे आने वाले समय में प्रकृति संरक्षण के इस संकल्प की जीवंत पहचान बनेंगे। संस्था ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *