IGNOU छात्रों को बड़ी राहत, परीक्षा फॉर्म और प्रवेश की तिथियां बढ़ीं

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
बंजार, 03 अक्तूबर

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को राहत देते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा (TEE) तथा जुलाई 2026 प्रवेश सत्र से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण तिथियों में विस्तार किया है। इसकी जानकारी इग्नू अध्ययन केंद्र 1148, बंजार के सहायक समन्वयक प्रो. राम नंद ने दी।

जारी अधिसूचना के अनुसार विद्यार्थी 7 अक्टूबर 2026 तक बिना किसी विलंब शुल्क के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक 1100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा किए जा सकेंगे।

इसी तरह ओडीएल (ODL) और ऑनलाइन कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्रीय कार्य (असाइनमेंट) की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। इससे उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने असाइनमेंट जमा नहीं कर पाए थे।

इसके अलावा जुलाई 2026 सत्र में नए दाखिलों के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। प्रमाण पत्र और सेमेस्टर आधारित पाठ्यक्रमों को छोड़कर अन्य पात्र कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 13 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रो. राम नंद ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते अपनी प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा फॉर्म और असाइनमेंट से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर लें।

विद्यार्थियों को आवेदन एवं पंजीकरण के लिए इग्नू के संबंधित आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
किसी भी प्रकार की प्रशासनिक सहायता या मार्गदर्शन के लिए विद्यार्थी इग्नू अध्ययन केंद्र 1148, बंजार से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही विद्यार्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी नवीनतम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इग्नू द्वारा तिथियां बढ़ाए जाने से बंजार और आसपास के दूरदराज क्षेत्रों में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *