राष्ट्रपति के प्रस्तावित मनाली प्रवास को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू, 04अक्टूबर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 6 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित मनाली प्रवास को लेकर कुल्लू जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।

बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा डीआरडीओ, ग्रेफ, बीआरओ, एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के मद्देनजर सभी विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रपति के दौरे के लिए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सुरक्षा और प्रवेश पास समय पर तैयार करवाने को कहा, ताकि ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सड़क एवं पार्किंग व्यवस्था, विद्युत और पेयजल आपूर्ति, संचार सुविधाओं, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करें और आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लें।

पैराग्लाइडिंग, जिप लाइन और ड्रोन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध
उपायुक्त ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के दौरान पैराग्लाइडिंग, जिप लाइन, हॉट एयर बैलून, ड्रोन सहित अन्य हवाई एवं साहसिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से पूरा करें।
जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित मनाली प्रवास को लेकर सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया है, ताकि प्रवास के दौरान सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं निर्बाध रूप से संचालित की जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *