सुरभि न्यूज़ / प्रियंवदा शर्मा, सुंदरनगर
174 यात्रियों की जान बचाने वाले जांबाज पायलट के अदम्य साहस को किया सलाम, युवाओं से सकारात्मक ऊर्जा और कर्तव्यनिष्ठा की सीख लेने का आह्वान
सुंदरनगर की साहित्यकार एवं लेखिका प्रियंवदा शर्मा ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि भारत भूमि ने हमेशा ऐसे जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ सपूतों को जन्म दिया है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने साहस और सूझबूझ से असाधारण उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
प्रियंवदा शर्मा ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने संकट की घड़ी में जिस अद्भुत धैर्य और साहस का परिचय दिया, वह देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि मुसीबत चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, यदि व्यक्ति सकारात्मक सोच, धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखे तो कठिन से कठिन परिस्थिति का सामना किया जा सकता है।
उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार को उन लोगों के लिए प्रेरणा बताया, जिन्होंने अपने व्यक्तिगत जीवन और सुरक्षा से पहले अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी। उनके अनुसार, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास करना उनकी कर्तव्यनिष्ठा और साहस को दर्शाता है।
लेखिका ने कहा कि संकट के दौरान कैप्टन स्मित ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आपात संदेश भेजे और संबंधित अधिकारियों को विमान में उत्पन्न खतरे की जानकारी देने का प्रयास किया। घायल होने के बावजूद उन्होंने परिस्थितियों से हार नहीं मानी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अपना कर्तव्य निभाते रहे।
प्रियंवदा शर्मा ने कहा कि यह घटना इस बात का उदाहरण है कि विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक दृढ़ता कितनी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भय और संकट के बीच भी धैर्य बनाए रखना तथा जिम्मेदारी से पीछे न हटना ही वास्तविक साहस है।
उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार का साहस देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। ऐसे उदाहरण युवाओं को यह संदेश देते हैं कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना विवेक, संयम और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करना चाहिए।
साहित्यकार प्रियंवदा शर्मा ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और साहसी नागरिकों पर गर्व है, जो कठिन समय में मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
✍️ प्रियंवदा शर्मा सुंदरनगर की साहित्यकार एवं लेखिका हैं।












