सुरभि न्यूज़
शिमला, 05 नवंबर
हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से दो निजी कंपनियों में कुल 56 पदों को भरने के लिए 6 और 7 नवंबर, 2026 को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराइक ने बताया कि इन साक्षात्कारों के माध्यम से योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिसॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड, मशोबरा में 6 नवंबर को सुबह 10 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित होगा। इस दौरान हाउसकीपिंग के तीन और इलेक्ट्रीशियन के तीन पदों सहित कुल छह पद भरे जाएंगे। हाउसकीपिंग पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास अथवा किसी भी विषय में स्नातक निर्धारित की गई है, जबकि इलेक्ट्रीशियन पदों के लिए आईटीआई डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इन पदों के लिए 18 से 27 वर्ष आयु के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। साक्षात्कार महिंद्रा हॉलीडेज एंड रिसॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड, मशोबरा में होंगे। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7018219204 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक (NIIT IFBI), इंस्टीट्यूट ऑफ फाइनेंस, बैंकिंग एंड इंश्योरेंस में रिलेशनशिप मैनेजर के 50 पदों के लिए 7 नवंबर को सुबह 10 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इन पदों के लिए किसी भी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 21 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 26 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। नियुक्ति शिमला में होगी तथा साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय परिसर, यूएस क्लब, शिमला में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9530525924 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का नाम रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिन युवाओं ने अभी तक रोजगार कार्यालय में अपना पंजीकरण नहीं करवाया है, वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eemis.hp.gov.in पर जाकर घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने इच्छुक एवं पात्र युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और अपडेटेड बायोडाटा (रिज्यूमे) सहित निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचें तथा इस रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।









