मंडी जिला द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने खलैहल, बरोट व लपास पंचायतों का किया दौरा, विकास कार्यों के लिए दिया आश्वासन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने चौहार घाटी के दो दिवसीय दौरे के दौरान पांच नवंबर को घाटी की अंतिम छोर पर स्थित खलैहल पंचायत से अपने दौरे की शुरुआत की। इस दौरान पंचायत के लोगों ने विधायक का फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर ने उन्हें टोपी, मफलर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद उन्होंने अपने कार्यकाल में समूचे द्रंग विधानसभा क्षेत्र सहित चौहार घाटी का बिना किसी भेदभाव के समग्र विकास करवाने का प्रयास किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के चलते देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

विधायक ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान सत्ता में आने के लिए प्रदेश की जनता को दस गारंटियों का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में काफी अंतर है। जब-जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आती है, तब-तब विकास कार्यों की गति धीमी पड़ जाती है। उन्होंने दावा किया कि चौहार घाटी में हुए विकास कार्यों में भाजपा सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इसके बाद विधायक ने खलैहल पंचायत के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। पंचायत प्रधान सुभाष ठाकुर की मांग पर उन्होंने बरोट से मियोट तथा कुफरी-धरोट होते हुए सड़क निर्माण और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कूटगढ़ के खेल मैदान के जीर्णोद्धार के लिए चरणबद्ध तरीके से धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

पांच नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे विधायक ने बरोट पंचायत और उसके बाद लगभग तीन बजे लपास पंचायत का दौरा किया। दोनों पंचायतों में स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं का लाभ देशभर के लोगों तक पहुंच रहा है।

बरोट पंचायत की प्रधान हीना देवी की मांग पर विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने बरोट में खेल पुस्तकालय भवन की ऊपरी मंजिल के निर्माण, बरोट बाजार से चार नंबर तक जीप योग्य सड़क बनाने तथा किराये के भवन में चल रही पशु चिकित्सालय (वेटरनरी डिस्पेंसरी) के लिए अपना भवन बनाने को चरणबद्ध तरीके से धनराशि स्वीकृत करवाने का भरोसा दिया।

विधायक ने पांच नवंबर की रात बरोट स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में रात्रि ठहराव किया। इस दौरान उन्होंने तीनों पंचायतों के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में द्रंग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाने और दिन-रात मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

इस दौरान प्रदेश भाजयुमो सचिव चंदन पंडित, प्रदेश ओबीसी मोर्चा के सदस्य काहन सिंह, पद्धर मंडल भाजपा अध्यक्ष इंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, पंचायत समिति पद्धर की अध्यक्ष सुनीता देवी, द्रंग भाजपा विस्तारक रूप लाल, बरोट पंचायत प्रधान हीना देवी, उपप्रधान राजकुमार, लपास पंचायत उपप्रधान देशराज, चमेल सिंह, रमा देव, मंगत राम, बलवीर ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विधायक पूर्ण चंद ठाकुर अपने दो दिवसीय चौहार घाटी दौरे के दूसरे दिन छह नवंबर को वरधान, धमच्याण, लटराण तथा तरस्वाण पंचायतों का दौरा करेंगे। इस दौरान वह स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, जनसभाओं को संबोधित करेंगे और क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *