एसजेवीएन प्रबंधन ने नेपाल में अरुण-3 जलविद्युत परियोजना का किया निरीक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

शिमला, 3 नवंबर।

लोअर अरुण के निर्माण कार्यों की तैयारियां तेज सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता सहित निदेशकों ने परियोजना स्थलों का लिया जायजा, अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

एसजेवीएन के शीर्ष प्रबंधन ने नेपाल में संचालित जलविद्युत परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे और निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने पूर्वी नेपाल में स्थित अरुण-3 और लोअर अरुण जलविद्युत परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
काठमांडू में नेपाल सरकार के साथ उच्चस्तरीय आधिकारिक बैठक के बाद प्रबंधन टीम ने 900 मेगावाट क्षमता वाली अरुण-3 जलविद्युत परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा किया। इस दौरान बांध स्थल, विद्युत गृह सहित प्रमुख निर्माण क्षेत्रों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों, तकनीकी मानकों और परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की गई।

इसके बाद प्रबंधन ने 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना के स्थल का भी दौरा किया। यहां नवंबर 2026 से निर्माण संबंधी गतिविधियां शुरू करने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया।

इस अवसर पर सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने परियोजना स्थलों पर तैनात एसजेवीएन, एसएपीडीसी और एसएलपीडीसी की टीमों को संबोधित करते हुए कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कार्य कर रहे इंजीनियरों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता एवं समर्पण बेहद जरूरी है।

परियोजना प्रबंधन और निर्माण कार्यों में जुटी संविदा एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ भी विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएमडी ने परियोजनाओं की समयबद्धता और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को आवश्यक संसाधन जुटाने, कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करने और निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

एसजेवीएन के अनुसार, अरुण-3 और लोअर अरुण जलविद्युत परियोजनाएं भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय स्वच्छ ऊर्जा सहयोग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। इनके माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

एसजेवीएन प्रबंधन ने इन परियोजनाओं के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *