सुरभि न्यूज़
बिहाली, 7 नवम्बर
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजकीय महाविद्यालय सैंज की छात्राओं ने कुल्लवी नाटी से बांधा समां, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया संस्थान की प्रगति में योगदान का संकल्प
एनएचपीसी लिमिटेड का 52वां स्थापना दिवस पार्बती-III पावर स्टेशन, बिहाली में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के प्रशासनिक भवन परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुधीर कुमार के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। मुख्य अतिथि ने एनएचपीसी ध्वज फहराया, जिसके पश्चात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और हिमपेस्को के जवानों ने ध्वज को सलामी दी। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने एनएचपीसी गीत का सामूहिक गायन भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार ने एनएचपीसी की 52 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने जलविद्युत उत्पादन के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास में एनएचपीसी के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने पार्बती-III पावर स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समर्पण, निष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना की प्रगति एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता ही किसी भी संस्थान की सफलता का प्रमुख आधार होते हैं। सभी कर्मचारियों को संस्थान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी लगन से कार्य करते रहना चाहिए।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी खूब रंग जमाया। राजकीय महाविद्यालय सैंज की छात्राओं ने पारंपरिक कुल्लवी नाटी प्रस्तुत कर हिमाचली लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। उनकी शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह का औपचारिक समापन हुआ।
इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष, पार्बती-III पावर स्टेशन के महाप्रबंधक (सिविल), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सहायक कमांडेंट, हिमपेस्को के जवानों सहित पावर स्टेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे।
एनएचपीसी का 52वां स्थापना दिवस संस्थान की गौरवशाली विरासत, उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एनएचपीसी की निरंतर प्रगति, उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।












