कुल्लू पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, पांच मामलों में पांच गिरफ्तार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, कुल्लू 

23.58 ग्राम चिट्टा, 518 ग्राम चरस और 41,850 रुपये नकद बरामद; जिला डिटेक्शन सेल और बंजार पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की कार्रवाई

जिला कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए नवंबर माह में पांच अलग-अलग मामलों में पांच अभियोग दर्ज किए हैं। इन मामलों में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23.58 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 518 ग्राम चरस और 41,850 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 5 नवंबर को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शनि मंदिर के समीप की। इस दौरान 26 वर्षीय युवती निवासी नगवाई, जिला मंडी और 26 वर्षीय युवक निवासी रायसन, जिला कुल्लू के कब्जे से 10.54 ग्राम चिट्टा और 41,850 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस थाना कुल्लू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई 7 नवंबर को जिया पुल फ्लाईओवर के नीचे पार्वती नदी किनारे की गई। जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने वहां खड़ी ऑल्टो गाड़ी में बैठे 25 वर्षीय युवक निवासी शाड़ाबाई, डाकघर भुंतर की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 5.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं, 12 नवंबर को सरसाड़ी के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने 46 वर्षीय व्यक्ति निवासी गांव भेगटा, पिणी क्षेत्र की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 518 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस थाना भुंतर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी तरह 17 नवंबर को जिला डिटेक्शन सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बंदरोल बिहाल के समीप कार्रवाई करते हुए 37 वर्षीय युवक निवासी गांव छाटनसेरी, डाकघर रायसन के कब्जे से 5.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इस मामले में पुलिस थाना कुल्लू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

पांचवीं कार्रवाई 18 नवंबर को पुलिस थाना बंजार की टीम ने घर्टगाड़ में नाकाबंदी के दौरान की। पुलिस ने एक गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें बैठे तीन युवकों के कब्जे से 1.81 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस थाना बंजार में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इन सभी पांच मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है। जिला पुलिस कुल्लू ने नशा तस्करी के विरुद्ध अपनी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *