सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 20 नवम्बर
विशेषज्ञ ऑडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते बंद पड़ी थी जांच सेवा, आनी-निरमंड सहित दूरदराज के मरीजों को मिलेगी राहत
उपायुक्त कुल्लू के प्रयासों और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू स्थित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) में BERA (ब्रेनस्टेम इवोक्ड रिस्पांस ऑडियोमेट्री) जांच सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। अब मरीजों को सप्ताह में तीन दिन यह सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बच्चों के साथ-साथ वयस्क मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि विशेषज्ञ ऑडियोलॉजिस्ट की नियमित उपलब्धता न होने के कारण पिछले कुछ समय से BERA जांच सेवाएं प्रभावित थीं। इसके चलते बड़ी संख्या में मरीजों की जांच लंबित हो गई थी। विशेषकर आनी, निरमंड और जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला रेडक्रॉस सोसायटी, सांफिया फाउंडेशन तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें लंबित जांचों को निपटाने और ऑडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई।
उपायुक्त के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) और क्षेत्रीय अस्पताल के ईएनटी विभाग के संयुक्त प्रयासों से जांच सेवाएं फिर से शुरू करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब DEIC में सप्ताह में तीन दिन BERA जांच की सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि BERA जांच के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन NHPC की ओर से सांफिया फाउंडेशन को उपलब्ध करवाई गई है। इसी मशीन के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू स्थित DEIC में मरीजों की श्रवण संबंधी जांच की जा रही है।
जांच सेवाएं बहाल होने से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी। साथ ही दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। समय पर जांच होने से श्रवण संबंधी समस्याओं की शुरुआती पहचान करने तथा जरूरत के अनुसार आगे के उपचार और पुनर्वास में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) का संचालन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत सांफिया फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। केंद्र में 0 से 8 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकारों और विकासात्मक विलंब की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार एवं पुनर्वास संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं।
जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के इस संयुक्त प्रयास से कुल्लू जिले में श्रवण जांच सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।











