सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल घाटी के दुर्गम क्षेत्र में स्थित पोलिंग और स्वाड़ पंचायत के ग्रामीणों की सुविधा के लिए लंबाडग नदी पर लगभग 20 वर्ष पूर्व निर्मित छेरना–पोलिंग पैदल लोहे का पुल आज बदहाली के दौर से गुजर रहा है। गत वर्ष क्षेत्र में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण पुल के एक किनारे का पिलर के पीछे वाला करीब दस मीटर हिस्सा पूरी तरह बह गया है। इसके चलते पुल के एक तरफ गहरी खाई बन गई है और लोगों के लिए इस पुल से सुरक्षित आवाजाही करना बेहद मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ के तेज बहाव में पुल के एक किनारे की जमीन पूरी तरह बह जाने के बावजूद पुल दोनों तरफ खड़े पिलरों के सहारे किसी तरह टिका हुआ है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से से नदी पार करने का कोई दूसरा वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने एक पिलर के सहारे लोहे की सीढ़ी खड़ी कर रखी है। इसी सीढ़ी के सहारे लोग जान जोखिम में डालकर आर-पार आने-जाने को मजबूर हैं।
इस गंभीर समस्या को लेकर बीडीसी की पूर्व उपाध्यक्ष प्रीति ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य श्याम सिंह, स्वाड़ पंचायत की पूर्व प्रधान गुड्डी देवी, वार्ड सदस्य कलू राम तथा प्रवीण कुमार ने बताया कि इस स्थान पर लंबाडग नदी को पार करने के लिए कोई अन्य रास्ता उपलब्ध नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों के पास जोखिम उठाकर इसी पुल से आवाजाही करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पुल की वर्तमान स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। यहां से आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी मजबूरी में गुजरना पड़ता है। यदि समय रहते पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी घटना घटित हो सकती है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बैजनाथ के विधायक तथा लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से एक बार फिर जोरदार मांग उठाई है कि जनहित और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छेरना–पोलिंग पैदल पुल के बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हिस्से का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण एवं मरम्मत करवाई जाए, ताकि पोलिंग और स्वाड़ पंचायत के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि उक्त पुल का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के कार्यक्षेत्र में नहीं आता है।











