सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटा भंगाल घाटी की मुल्थान पंचायत के अंतर्गत आने वाले उहलधार गांव के ग्रामीण पिछले करीब डेढ़ वर्ष से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। जलशक्ति विभाग के मंडल बैजनाथ तथा अनुभाग बीड़ के अंतर्गत गांववासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उठाऊ पेयजल योजना के तहत पंप हाउस स्थापित किया गया था। इससे ग्रामीणों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल रही थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण यह योजना बुरी तरह प्रभावित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, 28 फरवरी को क्षेत्र में हुई भारी बारिश के दौरान उहलधार नाले में अचानक आई बाढ़ से पंप हाउस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही पंप हाउस को पानी की आपूर्ति करने वाला जल भंडारण टैंक भी खराब हो गया। मशीनरी के क्षतिग्रस्त होने के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है और लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के निवासी एवं क्षेत्र के पूर्व बीडीसी सदस्य हीरालाल, निगरू राम, हल्कू राम सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से दूसरे स्थान से गांव में पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन उससे पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता था। ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए उठाऊ पेयजल योजना के तहत इस पंप हाउस का निर्माण किया गया था, जिससे गांव में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो गई थी।
उन्होंने बताया कि पंप हाउस के क्षतिग्रस्त होने और इसकी मशीनरी खराब हो जाने के बावजूद अभी तक इसका पुनर्निर्माण नहीं किया गया है। करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में संबंधित विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग तथा बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल से मांग की है कि उहलधार गांव की पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त पंप हाउस और जल भंडारण टैंक का पुनर्निर्माण जल्द करवाया जाए, ताकि गांववासियों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल सुविधा मिल सके।
इस संबंध में जलशक्ति विभाग के बैजनाथ स्थित सहायक अभियंता सरती शर्मा ने बताया कि विभाग इस समस्या से भली-भांति परिचित है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पंप हाउस के पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करके उपायुक्त कांगड़ा, धर्मशाला को स्वीकृति हेतु भेज दी गई है। धनराशि स्वीकृत होते ही पंप हाउस का पुनर्निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।











