हिमाचल में नशा तस्करों पर सुक्खू सरकार का बड़ा प्रहार, 7,950 मामले दर्ज में 12,302 आरोपी गिरफ्तार, 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, शिमला 

शिमला। हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस के तहत 7,950 मामले दर्ज कर 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा सहित भारी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।
तस्करों की 92 करोड़ की संपत्ति जब्त
सरकार ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। वहीं, पहली बार नशे से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित की गई है। एनडीपीएस आरोपियों की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियां चिह्नित की गई हैं, जिनमें से 22 के खिलाफ ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।
225 कुख्यात तस्करों पर निरोधात्मक कार्रवाई
पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात नशा तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें 159 तस्करों पर वर्ष 2026 में कार्रवाई हुई है। इस कानून के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश देशभर में दूसरे स्थान पर है।
246 पंचायतें नशे की विशेष निगरानी में

प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को विशेष निगरानी में रखा गया है। रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के माध्यम से अब तक करीब 12 हजार व्यक्तियों की पहचान की गई है, ताकि नशे के आदी लोगों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ा जा सके और तस्करी में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जा सके।
168 सरकारी कर्मचारियों पर मामले, 51 बर्खास्त
नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारी और 21 पुलिस कर्मी सेवा से बर्खास्त किए जा चुके हैं। अन्य मामलों में विभागीय कार्रवाई जारी है।
महिलाओं के लिए नशामुक्ति केंद्र, जल्द शुरू होगा व्हाट्सएप चैटबॉट
सरकार ने मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस प्रबंधन के तहत संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नशा तस्करी की सूचना देने और प्रभावित लोगों को उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए जल्द विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किया जाएगा, जिसमें सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसे जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से एंटी-चिट्टा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर, संगठित गिरोह या अवैध नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *